मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान करेंगे विशेष शिरकत, प्रसिद्ध गायक मीका सिंह देंगे प्रस्तुति
सुरक्षा, पार्किंग, साफ-सफाई और मेडिकल सुविधाओं सहित सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश
होशियारपुर, 25 नवंबर: ‘खेडां वतन पंजाब दीयां’ सीजन-4 के प्रदेश स्तरीय समापन समारोह की तैयारियों को लेकर डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन के निर्देशों पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास) अमरजीत बैंस ने आज लाजवंती स्टेडियम में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने 29 नवंबर को आयोजित होने वाले समारोह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश स्तरीय समापन समारोह में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान विशेष तौर पर शिरकत करेंगे। इसके अलावा प्रसिद्ध गायक मीका सिंह अपनी गायकी की प्रस्तुति देंगे। उन्होंने कहा कि समारोह में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और आम लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी आवश्यक प्रबंध पहले से सुनिश्चित किए जाएं।
बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन, पार्किंग, साफ-सफाई, पीने के पानी, बिजली, मेडिकल टीमों की तैनाती और सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। एडीसी (विकास) ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारियों को पूरी गंभीरता से निभाते हुए सभी प्रबंध निर्धारित समय से पहले पूरे किए जाएं।
उन्होंने कहा कि समारोह के दौरान खिलाड़ियों, दर्शकों और अतिथियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करें और प्रत्येक व्यवस्था की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें।
इस मौके पर आरटीओ अमनदीप कौर घुम्मण, कमिश्नर नगर निगम प्रीतिंदर सिंह बैंस, एसपी नवनीत कौर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
