करजन में NH-48 स्थित पेट्रोल पंप पर मची अफरा-तफरी; दो अन्य वाहन भी हुए क्षतिग्रस्त, कार में नहीं था कोई व्यक्ति
करजन। गुजरात के करजन में नेशनल हाईवे-48 के पास एक पेट्रोल पंप पर CNG भरवाते समय एक कार में अचानक जोरदार धमाका हो गया। धमाके से कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और शीशे व धातु के टुकड़े आसपास बिखर गए।
धमाके की चपेट में वहां खड़े दो अन्य वाहन भी आ गए, जिन्हें नुकसान पहुंचा। विस्फोट के बाद पेट्रोल पंप पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।
राहत की बात यह रही कि धमाके के समय कार में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
फिलहाल धमाके की सही वजह सामने नहीं आई है। CNG सिस्टम में तकनीकी खराबी या टैंक में अत्यधिक दबाव जैसी संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। आधिकारिक जांच के बाद ही विस्फोट के वास्तविक कारण का पता चलेगा।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें धमाके के बाद कार और आसपास के वाहनों को हुए नुकसान को देखा जा सकता है।
