5 अप्रैल तक गुरुद्वारा साहिब में अटूट लंगर बरताया जाएगा
बी बी एन, 2 अप्रैल (तारा) : बद्दी क्षेत्र के सबसे बड़े ऐतिहासिक गुरद्वारा साहिब कड़ुआना- गुल्लरवाला-लेही में वीरवार को नगर कीर्तन निकाला गया। बद्दी और उसके साथ लगते गांव में गाड़ियों से यह नगर कीर्तन निकला और वापस गुरुद्वारा में आकर समाप्त हो गया। गुरुद्वारा साहिब के संस्थापक संत बाबा सुंदर सिंह की बरसी पर नगर कीर्तन निकाला गया। गुरुद्वारा साहिब के प्रवक्ता ने बताया कि नगर कीर्तन सुबह सवा 11 बजे गुरुद्वारा साहिब से गुल्लरवाला, वर्धमान चौक, लेही, मख्नुमाजरा, भूड़, मलपुर, चक्का, हाउसिंग बोर्ड से होते हुए वापस गुरुद्वारा साहिब में सम्पन्न हुआ। नगर कीर्तन में सबसे आगे बैंड बाजा, उसके पीछे गतका पार्टी अपने करतब दिखाते हुए प्रस्थान कर रही थी। उसके बाद गुरु के पंच प्यारे और गुरु की पालकी के साथ संगत गुरुवाणी करते हुए निकली। नगर कीर्तन का बद्दी क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर लोगों ने रोककर स्वागत किया और गुरु का प्रसाद लिया।
कड़ुआना, गुल्लरवाला औरोबिंदो स्कूल के पास, साई रोड, वर्धमान चौक, लेही, मख्नुमाजरा, भुड़, हाउसिंग बोर्ड आदि स्थानों पर लोगों ने जलपान प्रसाद, हलवा, केले, संतरे, फ्रूटी,आइस क्रीम, पानी के छबील लगाए जहां पर नगर कीर्तन में शामिल लोगों को रोक उन्हें जलपान कराया। गुरुद्वारा के प्रबंधक ने बताया कि 3, 4 व 5 अप्रैल को गुरुद्वारा साहिब में प्रसिद्ध रागी टाडी जत्थे रागी गुरुवाणी से संगत को निहाल करेंगे। इस दौरान गुरुद्वारा साहिब में अटूट लंगर चलता रहेगा।
