एएम नाथ। कुल्लू । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार को कुल्लू के ढालपुर में भाजपा की ओर से विकसित भारत संकल्प सभा के तहत सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सेवा ज्योति प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शुभकामनाएं दीं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन की शुरुआत हुई थी और उनका यह सफर अब प्रधानमंत्री के तीसरे कार्यकाल तक पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि भाजपा के गठन के समय जिस पार्टी को लेकर कुछ लोग परिहास करते थे, उसी संगठन का एक साधारण कार्यकर्ता आज देश का प्रधानमंत्री है।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने कभी प्रधानमंत्री बनने की इच्छा व्यक्त नहीं की, बल्कि संगठन के प्रति समर्पित रहकर लगातार काम किया। उनके अनुसार मोदी के नेतृत्व में देश में कई ऐसे निर्णय लिए गए, जिन्हें पहले असंभव माना जाता था।
जयराम ठाकुर ने अनुच्छेद 370 हटाने, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण तथा आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई जैसे मुद्दों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन फैसलों से देश की दिशा में बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि वैश्विक मंच पर भारत की भूमिका मजबूत हुई है और देश विनिर्माण क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि 2047 तक भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प आगे बढ़ाया जा रहा है। इससे पहले जयराम ठाकुर ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन भी सुना।
कार्यक्रम में सांसद कंगना रणौत, पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, पूर्व सांसद महेश्वर सिंह, विधायक सुरेंद्र शौरी, लोकेंद्र कुमार, दीपराज, भाजपा जिलाध्यक्ष अमित सूद और नरोतम ठाकुर सहित अन्य नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
