बीहड़ू उपतहसील भवन का उद्घाटन : कुटलैहड़ के विकास के लिए विधायक विवेक शर्मा ने गिनाईं प्राथमिकताएं

by

2.47 करोड़ रुपये से तैयार भवन जनता को समर्पित; पेयजल, सिंचाई, पर्यटन और औद्योगिक विकास पर जोर, हर पंचायत में जिम व स्टडी रूम बनाने की योजना

रोहित जसवाल।  बंगाणा (ऊना), 24 अक्टूबर। कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के बीहड़ू में 2.47 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित उपतहसील कार्यालय भवन का शनिवार को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिमला से वर्चुअल माध्यम द्वारा उद्घाटन किया। इस अवसर पर विधायक विवेक शर्मा (विक्कू) ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि उनके सहयोग और मार्गदर्शन से क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिली है।

विधायक ने कहा कि नए भवन से क्षेत्रवासियों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री क्षेत्र की जरूरतों और लोगों की समस्याओं से परिचित हैं तथा उनके सहयोग से जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।

पेयजल और सिंचाई परियोजनाओं पर काम

विवेक शर्मा ने कहा कि बंगाणा क्षेत्र की पेयजल समस्या के समाधान के लिए भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) से पानी उठाने की अनुमति मिलना महत्वपूर्ण कदम है। इससे क्षेत्र की पेयजल जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने बताया कि लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत वाली तुरकाल-पंगा पेयजल आपूर्ति योजना का कार्य जारी है। इसे दिसंबर तक पूरा कर जनता को समर्पित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा मंदली क्षेत्र के लिए करीब 46 करोड़ रुपये और लठियाणी क्षेत्र के लिए लगभग 36 करोड़ रुपये की सिंचाई परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

हर पंचायत में जिम, पार्क और स्टडी रूम की योजना

विधायक ने कहा कि युवाओं को बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रत्येक पंचायत में जिम और पार्क विकसित करने तथा गलियों में सोलर लाइटें लगाने की दिशा में काम किया जा रहा है। पंचायत घरों में इंटरनेट सुविधा से युक्त रीडिंग कम स्टडी रूम बनाने की भी योजना है, जिससे युवाओं को पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए स्थानीय स्तर पर सुविधाएं मिल सकें।

उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों की शिक्षा में मदद करना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे बच्चों की पढ़ाई से संबंधित जरूरतों को उनके ध्यान में लाने पर यथासंभव सहायता के प्रयास किए जाएंगे।

गोविंद सागर झील के आसपास पर्यटन विकास

विवेक शर्मा ने कहा कि कुटलैहड़ क्षेत्र में पर्यटन की व्यापक संभावनाएं हैं। गोविंद सागर झील और आसपास के क्षेत्रों को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। अंद्रौली में प्रवेश द्वार बनाया गया है और मंदिर तक जाने वाले रास्ते को बेहतर किया गया है। क्षेत्र में वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए भी करोड़ों रुपये की लागत से आधारभूत ढांचा विकसित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पर्यटन गतिविधियों का विस्तार होने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

300 कनाल भूमि पर औद्योगिक विकास की तैयारी

विधायक ने बताया कि कुटलैहड़ में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए करीब 300 कनाल भूमि चिह्नित की गई है। यहां लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से औद्योगिक विकास संबंधी कार्य करने की योजना है।

उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए क्षेत्र में 75 ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं और विद्युत बोर्ड को करीब 40 करोड़ रुपये की मंजूरी मिली है। कम वोल्टेज की समस्या वाले क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार नए ट्रांसफार्मर लगाने के प्रयास किए जाएंगे।

पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए क्षेत्र में 200 से अधिक मोटरें लगाने की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि डीएसपी कार्यालय खोलने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। स्कूलों, अस्पतालों और अन्य संस्थानों में आवश्यक स्टाफ उपलब्ध करवाने के लिए नियुक्तियां की जा रही हैं।

पटवार सर्कल बहाली और नकल शाखा के लिए प्रयास

विवेक शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में डी-नोटिफाई किए गए पटवार सर्कल को बहाल करवाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। बंगाणा में नकल शाखा खोलने का आग्रह मुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया है, जिस पर सकारात्मक सहमति मिलने की बात उन्होंने कही। इससे लोगों को राजस्व अभिलेखों की प्रतियां प्राप्त करने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए नीति बनाने का विषय भी सरकार के समक्ष उठाया जाएगा।

कार्यक्रम में किसान मोर्चा अध्यक्ष देशराज मोदगिल और पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष राम आसरा ने भी विचार रखे। डोहक पंचायत के प्रधान रोशन लाल, उपप्रधान अरुण सहित पंचायत प्रतिनिधियों और पंचायत कार्यकारिणी ने विधायक विवेक शर्मा का स्वागत किया और मुख्यमंत्री व विधायक का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर उपायुक्त जतिन लाल, पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ, एसडीएम सोनू गोयल, तहसीलदार अमित शर्मा, बीडीओ के.एल. वर्मा, जिला परिषद सदस्य चंचल बाला, कांग्रेस ब्लॉक उपाध्यक्ष इकबाल सिंह, जिला कार्यकारी अध्यक्ष सुरेश दत्त और गौ सेवा आयोग के सदस्य अरुण पटियाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
हिमाचल प्रदेश

डी कार्ट कंपनी वृंदावन के अधीन काम करने वाले गढ़शंकर हलके के हेल्परों व ड्राइवरों ने मांगों को लेकर डिप्टी स्पीकर पंजाब को मांग पत्र सौंपा 

गढ़शंकर, 25 जून : जहां राज्य और केंद्र सरकारें चुनावों के दौरान और चुनाव के बाद युवाओं को रोजगार देने के बड़े-बड़े वादे करते और चैनल पर इशतहार देते हैं, वहीं कहीं ना कहीं...
article-image
हिमाचल प्रदेश

प्रदेश सरकार प्रत्येक बच्चे तक गुणात्मक शिक्षा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध – हर्षवर्द्धन चौहान

एएम नाथ। सोलन : उद्योग, संसदीय कार्य तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री हर्षवर्द्धन चौहान ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक बच्चे तक गुणात्मक शिक्षा पहुंचाने के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है। हर्षवर्द्धन चौहान आज...
article-image
समाचार , हिमाचल प्रदेश

युवाओं को स्थाई नौकरी दे, उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ ना करे – बैकडोर इंट्री कर अपने चहेतों को रेवड़ियां बाँटना चाहती है सरकार : जय राम ठाकुर

गेस्ट टीचर पॉलिसी प्रदेश के युवाओं के साथ धोखा है : जयराम ठाकुर कहां गये पहले कैबिनेट में एक लाख नौकरियां देने का ऐलान करने वाले एएम नाथ । ऊना  :  नेता प्रतिपक्ष जयराम...
article-image
पंजाब , हिमाचल प्रदेश

आधा हाथ और चेहरे से मांस था गायब, मचा हड़कंप : रहस्यमयी तरीके से लापता छात्रा की लाश मिली

एक हफ्ते से परिवार बेटी की कर रहा था तलाश एएम नाथ। मंडी :  छह दिन से लापता छात्रा की लाश जंगल में मिली है। लाश के चेहरे को जानवरों ने नोच खाया है।...
Translate »
error: Content is protected !!