एएम नाथ: बैजनाथ : उपमंडलाधिकारी बैजनाथ संकल्प गौतम ने आदेश जारी करते हुए अवगत करवाया है कि बिलिंग–राजगुंधा–बड़ाग्रां सड़क मार्ग पर क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत एवं सीमेंट कंक्रीट कार्य हेतु उक्त मार्ग को चरणबद्ध एवं अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा।
जारी आदेश के अनुसार बड़ाग्रां से राजगुंधा तक सड़क 30 मार्च से 05 अप्रैल, राजगुंधा से चैना पास तक 07 अप्रैल से 13 अप्रैल तथा चैना पास से बिलिंग तक 15 अप्रैल से 28 अप्रैल 2026 तक बंद रहेगी।
एस डी एम बैजनाथ ने संबंधित विभाग को निर्देशित किया है कि बंद किए गए मार्गों के दोनों ओर उचित बैरिकेडिंग तथा आवश्यक चेतावनी संकेत स्थापित किए जाएं। इसके अतिरिक्त वैकल्पिक मार्गों की उपलब्धता होने की स्थिति में उन्हें स्पष्ट रूप से चिन्हित किया जाए ताकि आम जनमानस को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए हैं कि एंबुलेंस, अग्निशमन तथा अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहनों की आवाजाही निर्बाध रूप से सुनिश्चित की जाए। साथ ही समस्त कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण किया जाए तथा कार्य निष्पादन के दौरान सभी सुरक्षा मानकों एवं दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए।
उपमंडलाधिकारी ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस अवधि के दौरान सहयोग करें तथा वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करते हुए यातायात नियमों का पालन करें ताकि निर्माण कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
