ऊना में पत्रकार वार्ता के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था और विकास कार्यों को लेकर सरकार को घेरा; बोले- चुनावी साल में अपनी नाकामियों से ध्यान भटका रही कांग्रेस
रोहित जसवाल/ एएम नाथ। ऊना। हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शनिवार को ऊना में पत्रकार वार्ता कर प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपने चार साल के कार्यकाल में विकास के मोर्चे पर कोई उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल नहीं कर पाई है। अब चुनावी वर्ष शुरू होते ही सरकार अपनी नाकामियों से जनता का ध्यान भटकाने में जुट गई है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता संभालने के बाद विकास कार्यों को गति देने के बजाय भाजपा और केंद्र सरकार को कोसने का काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के खिलाफ बयानबाजी करने में ही समय बिताया। प्रदेश की जनता अब सरकार का असली चेहरा पहचान चुकी है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को जवाब देने का मन बना चुकी है।
प्रदेश में कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश में आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। ऊना जिला मुख्यालय के एक होटल सहित प्रदेश के कई स्थानों पर गोलीकांड की घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में आम लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। शासन और प्रशासन कानून व्यवस्था को मजबूत करने के बजाय आम लोगों को परेशान करने में लगा हुआ है। सरकार अपराधों पर अंकुश लगाने में सफल नहीं हो रही है।
चुनाव में जनता देगी कांग्रेस को जवाब
जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में जनता को जिन उम्मीदों के साथ बदलाव की अपेक्षा थी, वे पूरी नहीं हुई हैं। सरकार अपनी उपलब्धियां गिनाने के बजाय विपक्ष और केंद्र सरकार पर आरोप लगाने में लगी हुई है।
उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सरकार के कामकाज का हिसाब करेगी और उसे सत्ता से बाहर करने का फैसला लेगी।
