बद्दी के शीतलपुर में हिम चंडीगढ़ सैटेलाइट टाउनशिप के लिए भूमि अधिग्रहण शुरू, सुरला जनोट में 133 बीघा सरकारी जमीन चयनित; निर्माण की समय सीमा अभी तय नहीं
धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश में चार नए शहर और टाउनशिप विकसित करने की योजना पर काम चल रहा है। इसके तहत शिमला के जाठिया देवी, सोलन जिले के शीतलपुर, सिरमौर के सुरला जनोट और कांगड़ा जिले के लंज में नए शहरी क्षेत्र विकसित किए जाएंगे। हालांकि, इन परियोजनाओं के निर्माण की अंतिम समय सीमा अभी तय नहीं की गई है। भाजपा विधायक सुधीर शर्मा के सवाल के लिखित जवाब में सरकार ने विधानसभा में यह जानकारी दी।
जाठिया देवी में 157 आवासीय प्लॉट और 762 फ्लैट प्रस्तावित
शिमला के जाठिया देवी में प्रस्तावित टाउनशिप में सबसे अधिक आवासीय सुविधाएं विकसित करने की योजना है। यहां 157 आवासीय प्लॉट बनाए जाएंगे, जिनमें बंगले और विला शामिल होंगे। इसके अलावा एक, दो और तीन बीएचके श्रेणी के कुल 762 फ्लैट बनाने का प्रस्ताव है।
परियोजना में छह व्यावसायिक खुदरा इकाइयों, दो मिश्रित उपयोग वाले प्लॉट, स्कूल और सामुदायिक भवन का भी प्रावधान किया गया है। इस टाउनशिप को नगर एवं ग्राम नियोजन (टीसीपी) विभाग से मंजूरी मिल चुकी है, जबकि रियल एस्टेट नियामक प्राधिकरण (रेरा) की अनुमति के लिए आवेदन किया गया है।
शीतलपुर में 7042 बीघा से अधिक सरकारी जमीन हस्तांतरित
बद्दी के शीतलपुर में हिम चंडीगढ़ सैटेलाइट टाउनशिप विकसित करने की योजना है। इसके लिए 7042-18 बीघा सरकारी जमीन आवास विभाग के नाम हस्तांतरित की जा चुकी है। इसके अतिरिक्त 8435-4 बीघा निजी भूमि के अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की गई है। इस संबंध में सामाजिक प्रभाव आकलन की अधिसूचना भी जारी हो चुकी है।
सुरला जनोट में जमीन चयनित, लंज में प्रक्रिया जारी
सिरमौर जिले के सुरला जनोट में परियोजना के लिए 133 बीघा सरकारी जमीन का चयन किया गया है। वहीं, कांगड़ा जिले के लंज में भूमि चयन की प्रक्रिया अभी चल रही है। इन तीनों परियोजनाओं में फिलहाल फ्लैट और विला की संख्या तय नहीं की गई है।
सरकार ने सदन में स्पष्ट किया कि नए शहरों के विकास के लिए अभी तक कोई अलग विशेष नीति अधिसूचित नहीं की गई है। इसके साथ ही इन परियोजनाओं के लिए अतिरिक्त बजट का भी प्रावधान नहीं किया गया है।
तीन चरणों में विकसित हो रहा दुर्गेशारण्य अंतरराष्ट्रीय चिड़ियाघर
कांगड़ा जिले के बनखंडी में निर्माणाधीन दुर्गेशारण्य-कांगड़ा अंतरराष्ट्रीय प्राणी उद्यान का काम तीन चरणों में किया जा रहा है। कांग्रेस विधायक केवल सिंह पठानिया के सवाल के लिखित जवाब में सरकार ने बताया कि पहले चरण का निर्माण कार्य प्रगति पर है। दूसरे चरण में आवासीय भवनों की नींव और खुदाई का काम चल रहा है, जबकि तीसरे चरण के निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया जारी है।
परियोजना के तहत चारदीवारी, चेक डैम, जल संरक्षण बांध, विद्युतीकरण, जलापूर्ति और जल शोधन से जुड़े कार्य लगभग पूरे हो चुके हैं।
