‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुक्खू की घोषणाएं; जनजातीय क्षेत्रों में सोलर प्रोजेक्ट लगाने पर 5% ब्याज सब्सिडी का प्रावधान
एएम नाथ। चंबा। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने चंबा जिले के चुराह विधानसभा क्षेत्र के बैरागढ़ स्थित देहग्रां में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने बैरागढ़ के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला को अगले शैक्षणिक सत्र से सीबीएसई से संबद्ध करने की घोषणा की। इसके अलावा क्षेत्र की 182 पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह वित्तीय सहायता देने की बात कही।
मुख्यमंत्री गत रात देहग्रां पहुंचे थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिला मंडलों और युवक मंडलों के प्रतिनिधि अपनी समस्याएं और मांगें लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य गांवों में पहुंचकर लोगों की वास्तविक समस्याओं और स्थानीय परिस्थितियों को समझना है। इसी आधार पर बजट और विकास योजनाओं में जरूरी बदलाव किए जाते हैं।
जनजातीय क्षेत्रों में सोलर प्रोजेक्ट पर 5% ब्याज सब्सिडी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और पर्यटन तथा नवीकरणीय ऊर्जा के माध्यम से रोजगार के अवसर बढ़ाने पर ध्यान दे रही है। होम-स्टे स्थापित करने, विस्तार करने या उन्नयन के लिए पांच करोड़ रुपये तक के निवेश पर सरकार 5 प्रतिशत ब्याज अनुदान दे रही है।
उन्होंने बताया कि 680 करोड़ रुपये की राजीव गांधी स्टार्ट-अप स्वरोजगार सौर ऊर्जा योजना के तहत निजी भूमि पर 100 किलोवाट से 2 मेगावाट तक के सोलर पैनल लगाने के लिए जनजातीय क्षेत्रों में 5 प्रतिशत और गैर-जनजातीय क्षेत्रों में 4 प्रतिशत ब्याज अनुदान का प्रावधान है।
ग्रामीण क्षेत्रों में 250 किलोवाट से 1 मेगावाट तक का सोलर पावर प्रोजेक्ट स्थापित करने के लिए बैंक से ऋण लेने वालों को 9 प्रतिशत ब्याज में से 5 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी राज्य सरकार देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसका उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है।
गरीब परिवारों की महिलाओं को 1500 रुपये मासिक सहायता
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य सरकार अगले महीने से ‘मुख्यमंत्री का अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ शुरू करेगी। इसके तहत गरीब परिवारों की पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे। योजना में लाभार्थियों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली और स्वास्थ्य बीमा कार्ड के माध्यम से निशुल्क चिकित्सा सुविधा देने का भी प्रावधान है।
उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत बैरागढ़ की 182 पात्र महिलाओं को हर महीने 1,500-1,500 रुपये की सहायता मिलेगी।
शिकायतों के समयबद्ध निपटारे के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों की ओर से प्राप्त जायज शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि दुर्गम क्षेत्रों का विकास और ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक नीरज नैय्यर, पूर्व विधायक सुरेंद्र भारद्वाज, कांग्रेस महासचिव यशवंत खन्ना, हज कमेटी के चेयरमैन दिलदार अली भट्ट, कांग्रेस नेता प्रकाश बटाली, ब्लॉक कांग्रेस प्रधान भूपिंदर ठाकुर सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
