तीन घंटे की कस्टडी पैरोल पर डिब्रूगढ़ जेल से पहुंचे पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा; 800 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात, कड़ी सुरक्षा में निभाई अंतिम विदाई की रस्म
अमृतसर। डिब्रूगढ़ जेल में बंद खडूर साहिब से सांसद और वारिस पंजाब दे के प्रमुख अमृतपाल सिंह शनिवार को अपनी दादी चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल हुए। अदालत से मिली तीन घंटे की कस्टडी पैरोल के तहत उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच अमृतसर से उनके पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा लाया गया। करीब 12 बजे गांव पहुंचने पर उन्होंने अपने पिता तरसेम सिंह और परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात की। लंबे समय बाद परिजनों से मिलकर वह भावुक नजर आए।
दोपहर करीब 1:15 बजे दादी चरण कौर की अंतिम यात्रा शुरू हुई। कुर्ता-पजामा और नीली पगड़ी पहने अमृतपाल ट्रॉली पर सवार होकर अंतिम यात्रा में शामिल हुए। दोपहर 1:45 बजे यात्रा संस्कार स्थल पर पहुंची। वहां दादी की तस्वीर के सामने उन्होंने हाथ जोड़कर नमन किया। इसके बाद पुलिस सुरक्षा के बीच उन्हें चिता तक ले जाया गया और अंतिम संस्कार की रस्में पूरी हुईं।
इस दौरान समर्थकों ने पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। कई समर्थक वारिस पंजाब दे के झंडे लेकर संस्कार स्थल पर पहुंचे थे। सुरक्षा व्यवस्था इतनी कड़ी थी कि अमृतपाल को ट्रॉली से उतरने के बाद पुलिसकर्मियों ने चारों तरफ से घेर लिया और विशेष रूप से बनाए गए रास्ते से चिता तक पहुंचाया। रास्ते पर लोहे के बैरिकेड लगाए गए थे, ताकि कोई भी व्यक्ति सुरक्षा घेरे में प्रवेश न कर सके।
डिब्रूगढ़ से अमृतसर तक कड़ी सुरक्षा में लाया गया
अमृतपाल सिंह को 20 नवंबर को दोपहर करीब 2:40 बजे कड़ी सुरक्षा के बीच डिब्रूगढ़ से एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान से दिल्ली रवाना किया गया था। शाम करीब छह बजे विमान दिल्ली पहुंचा, जहां उन्हें निगरानी में रखा गया और उन्होंने रात बिताई।
शनिवार सुबह करीब 7:15 बजे वह दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 से एयर इंडिया की उड़ान के जरिए अमृतसर के लिए रवाना हुए। सुबह 8:30 बजे श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद उन्हें आम यात्रियों के रास्ते से बाहर निकालने के बजाय कार्गो साइड के सुरक्षित क्षेत्र से निकाला गया। विमान में भी पुलिसकर्मियों ने उन्हें सुरक्षा घेरे में रखा था। एयरपोर्ट पर उनकी पत्नी किरणदीप कौर भी इंतजार करती दिखाई दीं।
अमृतसर एयरपोर्ट से उन्हें बुलेटप्रूफ वाहन में पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा ले जाया गया। इस दौरान उनके साथ पुलिस का कड़ा सुरक्षा घेरा रहा।
गांव और आसपास 800 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात
अमृतपाल के आगमन और अंतिम संस्कार को देखते हुए गांव तथा आसपास के क्षेत्रों में 800 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। गांव तक पहुंचने वाले रास्तों पर 14 पुलिस नाके लगाए गए थे। पुलिस और खुफिया विभाग के अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए थे। किसी आपात स्थिति से निपटने के लिए एक सुरक्षित आवास की व्यवस्था भी की गई थी।
सुबह नौ बजे से ही लोग अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए गांव के संस्कार स्थल पर पहुंचने लगे थे। दोपहर एक बजे तक वहां करीब 2,000 लोग जमा हो चुके थे। दादी के निधन के बाद से परिवार और समर्थक उनके अंतिम संस्कार में अमृतपाल की मौजूदगी का इंतजार कर रहे थे।
तीन घंटे की कस्टडी पैरोल पर मिली थी अनुमति
84 वर्षीय चरण कौर का आठ नवंबर को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। अमृतपाल सिंह ने अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अदालत में याचिका दायर की थी। अमृतसर की अतिरिक्त सत्र अदालत ने 17 नवंबर को मानवीय आधार पर उन्हें 21 नवंबर को दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक तीन घंटे की कस्टडी पैरोल देने की अनुमति दी थी।
पुलिस ने उन्हें उच्च जोखिम वाला बंदी मानते हुए डिब्रूगढ़, दिल्ली और अमृतसर में विशेष सुरक्षा प्रबंध किए थे। अदालत के आदेश के अनुसार यात्रा और सुरक्षा व्यवस्था का खर्च उनके परिजनों को वहन करना था। इसके लिए करीब 10 लाख रुपये जमा करवाए गए थे।
22 नवंबर को अस्थि विसर्जन और 23 को भोग समारोह
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अमृतपाल सिंह को अंतिम संस्कार के बाद हवाई मार्ग से वापस डिब्रूगढ़ ले जाया जाना था। 22 नवंबर को होने वाले अस्थि विसर्जन और 23 नवंबर को आयोजित भोग समारोह में उनके वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल होने का कार्यक्रम भी तय किया गया है।
