बोले, उनका जाना हमेशा एक कसक बनकर रहेगा
युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष चन्द्रमणि कुलेठी को दी भावभीनी श्रद्धांजलि, शोक संतप्त परिवार को बंधाया ढांढस
एएम नाथ। होली (चंबा)
युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष रहे स्वर्गीय चन्द्रमणि कुलेठी के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। उनके परिवार से मुलाकात के दौरान भावुक माहौल देखने को मिला। वीरवार को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू उनके घर पहुंचकर परिजनों से मिले और इस दुखद घड़ी में परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
सीएम स्वर्गीय चन्द्रमणि कुलेठी की पत्नी और माता-पिता से मुलाकात के दौरान उनके दर्द को देखकर काफी भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि परिवार जिस असहनीय पीड़ा से गुजर रहा है, उसे शब्दों में बयां करना बेहद मुश्किल है। इस कठिन समय में परिवार को ढांढस बंधाया और भरोसा दिलाया कि वे इस दुख की घड़ी में उनके साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं।
उन्होंने कहा कि चन्द्रमणि कुलेठी उनके होली दौरे को लेकर बेहद उत्साहित थे। उन्होंने उन्हें अपने घर आने का निमंत्रण भी दिया था। चन्द्रमणि अपने क्षेत्र में उनके आगमन और मुलाकात को लेकर काफी उत्सुक थे। उनकी वह आत्मीयता, उत्साह और मिलने की प्रतीक्षा आज भी याद आ रही है।
उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि चन्द्रमणि का इस तरह अचानक दुनिया से चले जाना बेहद पीड़ादायक है। उनके साथ हुई मुलाकातें और उनसे जुड़ी यादें हमेशा मन में बनी रहेंगी। उनका असमय निधन न केवल परिवार, बल्कि युवा कांग्रेस और पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।
उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। अंत में उन्होंने स्वर्गीय चन्द्रमणि कुलेठी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
