80 लाख से बनी चीवा कैंची-देवरा सड़क का शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने किया लोकार्पण

by
जुब्बल-नावर-कोटखाई क्षेत्र में 209वीं सड़क जनता को समर्पित, देवरा सहित चार गांवों के बागवानों और ग्रामीणों को मिलेगा लाभ

एएम नाथ। जुब्बल, 23 नवंबर। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने रविवार को अपने गृह विधानसभा क्षेत्र जुब्बल में 80 लाख रुपये की लागत से निर्मित 3 किलोमीटर लंबी चीवा कैंची से देवरा सड़क का लोकार्पण किया। यह सड़क लंबे समय से क्षेत्र के लोगों की मांग थी। इसके निर्माण से देवरा के अलावा क्यारी, नेहनार और गुंतू गांवों के लोगों को भी आवागमन की सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से सेब बागवानों के लिए यह सड़क काफी उपयोगी साबित होगी।

इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए रोहित ठाकुर ने कहा कि देवरा जुब्बल का प्रमुख गांव है और इस सड़क का निर्माण रियासती समय से लंबित था। इसका सर्वेक्षण पूर्व मुख्यमंत्री ठाकुर रामलाल के कार्यकाल में हुआ था, लेकिन इसे धरातल पर उतरने में लंबा समय लग गया। उन्होंने कहा कि आज देवरा के लोगों का वर्षों पुराना सपना पूरा हुआ है। उन्होंने सड़क निर्माण के लिए भूमि दान करने वाले मुकेश अपटा का विशेष आभार भी जताया।

जुब्बल-नावर-कोटखाई में 850 करोड़ के विकास कार्य प्रगति पर

शिक्षा मंत्री ने बताया कि जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में सड़क और भवन निर्माण से जुड़े करीब 850 करोड़ रुपये के विकास कार्य चल रहे हैं। अगले वर्ष के अंत तक यह आंकड़ा 1,000 करोड़ रुपये तक पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में चीवा कैंची-देवरा सड़क 209वीं ऐसी सड़क है, जिसका निर्माण पूरा कर सफलतापूर्वक पासिंग की गई है। भविष्य में इसे जुब्बल के मुख्य बाजार से जोड़ने की भी योजना है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग-705 (ठियोग-हाटकोटी मार्ग) और राष्ट्रीय राजमार्ग-707 (हाटकोटी-पांवटा मार्ग) की मरम्मत के लिए 75 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। जल्द ही दोनों मार्गों को बेहतर बनाने का काम किया जाएगा।

175 करोड़ के जल शक्ति विभाग के कार्य जारी

रोहित ठाकुर ने कहा कि पहाड़ी राज्य हिमाचल में सड़कें विकास की जीवनरेखा हैं। प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार, ठाकुर रामलाल और वीरभद्र सिंह ने भी सड़क निर्माण को प्राथमिकता दी थी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार भी ग्रामीण क्षेत्रों को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र में 11 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण किया जा रहा है, जिनमें से तीन को जनता को समर्पित किया जा चुका है। जल शक्ति विभाग के तहत 175 करोड़ रुपये के कार्य प्रगति पर हैं। इनमें 38.08 करोड़ रुपये की लागत से तैयार पब्बर नदी से उठाऊ पेयजल योजना प्रमुख है। 17 किलोमीटर लंबी इस योजना से जुब्बल-कोटखाई क्षेत्र की करीब 23 पंचायतों को लाभ मिल रहा है।

20 करोड़ से बन रहा शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान

शिक्षा मंत्री ने बताया कि जुब्बल के डकैड़ में 20 करोड़ रुपये की लागत से शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान (SIEMAT) का निर्माण किया जा रहा है। यह संस्थान भविष्य में प्रदेश और देशभर के शिक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान करेगा तथा शिक्षा के आधारभूत ढांचे को मजबूती देगा।

उन्होंने जुब्बल स्थित स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स का जिक्र करते हुए कहा कि यह प्रदेश का पहला ऐसा खेल संस्थान है, जहां छात्राओं को राष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। वर्ष 1987 में स्थापित इस छात्रावास में पहले केवल वॉलीबॉल का प्रशिक्षण दिया जाता था, जबकि अब यहां आठ अलग-अलग खेलों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यहां की छात्राओं ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

इससे पहले क्यारी गांव के लोगों ने चीवा पुल के समीप शिक्षा मंत्री का स्वागत किया और सड़क निर्माण के लिए उनका आभार जताया। कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र मेहता, नगर पंचायत जुब्बल की अध्यक्ष अनिता चौहान, उपाध्यक्ष राजेश तेजता, पंचायत समिति अध्यक्ष कमलेश झगटा, उपाध्यक्ष लोकपाल शर्कोली, एसडीएम गुरमीत नेगी सहित विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
दिल्ली , पंजाब , राष्ट्रीय , हरियाणा , हिमाचल प्रदेश

महिला का दूसरे मर्द से थे सबंध : कोर्ट ने कहा यह अपराध नही -हाई कोर्ट राजस्थान

राजस्थान  :  शादी से इतर जब दो वयस्क सहमति से संबंध बनाते हैं तो यह कोई कानूनी अपराध नहीं है। राजस्थान हाई कोर्ट ने एक पति की ओर से दायर याचिका को खारिज करते...
article-image
हिमाचल प्रदेश

महंगा पड़ गया पंजाब के टैक्सी ड्राइवर को हूटर बजाना : 5 हजार रुपए का ऑनलाइन चालान काट कर भविष्य में ऐसा न करने की हिदायत

बिलासपुर : पंजाब के टैक्सी ड्राइवर को हूटर बजाना महंगा पड़ गया। उसका 5 हजार का चालान कटा है। बिलासपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चालान काटा और हूटर भी जब्त कर लिया। DSP...
article-image
हिमाचल प्रदेश

27 साल बाद हिमाचल में सरकारी लॉटरी की वापसी : CM की मंजूरी के बाद जारी होगा टेंडर

एएम नाथ। शिमला :  हिमाचल प्रदेश में 27 वर्ष बाद सरकारी लॉटरी की वापसी का रास्ता साफ हो गया है, लेकिन टेंडर प्रक्रिया में देरी के कारण पहले वित्त वर्ष में अपेक्षित राजस्व मिलना...
article-image
हिमाचल प्रदेश

सड़क सुरक्षा के लिए 27 पुलिस मोटरसाइकिलों को झंडी दिखाकर किया मुख्यमंत्री ने रवाना

 एएम नाथ। शिमला : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज ओक ओवर से सड़क सुरक्षा में सुधार के लिए 27 पुलिस मोटरसाइकिलों को झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि इनमें से कांगड़ा...
Translate »
error: Content is protected !!