सुंदरनगर के डडयाल निवासी 70 वर्षीय महेंद्र ने चंडीगढ़ में उपचार के दौरान तोड़ा दम; जिले में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
एएम नाथ। मंडी। हिमाचल प्रदेश में स्वाइन फ्लू के मामलों ने चिंता बढ़ा दी है। मंडी जिले में संक्रमण के दो नए मामले सामने आए हैं, जबकि सुंदरनगर क्षेत्र के डडयाल गांव निवासी 70 वर्षीय महेंद्र की चंडीगढ़ में उपचार के दौरान मौत हो गई। वह कैंसर से पीड़ित थे और कीमोथेरेपी के लिए चंडीगढ़ गए थे। स्वास्थ्य विभाग को उनकी स्वाइन फ्लू से मौत की जानकारी शनिवार को मिली।
जानकारी के अनुसार महेंद्र 11 अगस्त को कीमोथेरेपी करवाने के लिए चंडीगढ़ के एक निजी अस्पताल पहुंचे थे। उपचार के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों के अनुसार, कैंसर के उपचार के चलते उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता पहले से कमजोर थी और इसी दौरान वह स्वाइन फ्लू से संक्रमित हो गए। अस्पताल में उपचार के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और उनकी मौत हो गई।
शुक्रवार को परिजन उनका पार्थिव शरीर चंडीगढ़ से डडयाल गांव लेकर पहुंचे, जहां अंतिम संस्कार किया गया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग को उनकी स्वाइन फ्लू से मौत की जानकारी मिली।
स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची
मामले की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम डडयाल गांव पहुंची और परिवार के सदस्यों को संक्रमण से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए। परिजनों को मास्क भी उपलब्ध करवाए गए। टीम ने स्वच्छता बनाए रखने और फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेने की हिदायत दी।
मंडी में दो नए मामले सामने आए
मंडी जिले में स्वाइन फ्लू के दो नए मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। इनमें सुंदरनगर क्षेत्र का एक मरीज घर पर आइसोलेशन में है, जबकि सरकाघाट निवासी दूसरे मरीज का चंडीगढ़ में उपचार चल रहा है।
हिमाचल में संक्रमितों की संख्या आठ
मंडी में सामने आए दो नए मामलों के बाद प्रदेश में स्वाइन फ्लू संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है। इससे पहले टांडा मेडिकल कॉलेज में चार और आईजीएमसी शिमला में दो मामले सामने आ चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से फ्लू जैसे लक्षण, बुखार, खांसी, गले में खराश या सांस लेने में परेशानी होने पर लापरवाही न बरतने और चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है। विशेष रूप से बुजुर्गों और कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों को संक्रमण से बचाव के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
