ठेहड़ा-भौंई सड़क का निर्माण कब होगा? ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन से उठाई आवाज
आश्वासन नहीं, अब धरातल पर काम चाहिए सड़क सुविधा के लिए आदर्श युवक मंडल ने उठाई मांग
एएम नाथ। चंबा : सदर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बसोधन के अंतर्गत आने वाले ठेहड़ा, भौंई, बनगोदू, खबल और टिल्लू सहित आसपास के गांवों के लोग पिछले करीब 15 वर्षों से सड़क सुविधा की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। कई बार जनप्रतिनिधियों और सरकार के समक्ष इस समस्या को उठाने के बावजूद आज तक ग्रामीणों को सड़क सुविधा का लाभ नहीं मिल पाया है।
p
ग्रामीणों को उम्मीद थी कि नए पंचायत प्रतिनिधियों के चुने जाने के बाद उनकी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा, लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई ठोस पहल सामने नहीं आई है।
जानकारी के अनुसार, 29 अक्टूबर 2025 को सदर विधायक श्री नीरज नैयर ने भौंई से ठेहड़ा सड़क का शिलान्यास किया था। सड़क के प्रथम चरण (0/000 से 1/750 किलोमीटर) के निर्माण के लिए करीब 43.75 लाख रुपये की राशि स्वीकृत होने की जानकारी दी गई थी। बावजूद इसके, शिलान्यास के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। ऐसे में ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि आखिर स्वीकृत बजट कहां अटका हुआ है और सड़क निर्माण में देरी का कारण क्या है?
आदर्श युवक मंडल ने बताया कि 14 जुलाई 2026 को शिमला में लोक निर्माण मंत्री श्री विक्रमादित्य सिंह से मुलाकात कर सड़क निर्माण को लेकर ज्ञापन भी सौंपा गया था। इसके बावजूद अभी तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है।
सड़क सुविधा न होने से बुजुर्गों, महिलाओं, स्कूली बच्चों और बीमार लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बनने से कई गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और उनकी रोजमर्रा की समस्याएं कम होंगी।
आदर्श युवक मंडल के मीडिया प्रभारी विनोद कुमार ने सरकार, प्रशासन, विधायक और पंचायत प्रतिनिधियों से मांग की है कि ग्रामीणों को अब आश्वासन नहीं, बल्कि सड़क निर्माण का कार्य शुरू होता हुआ दिखाई देना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका संघर्ष किसी राजनीतिक दल या व्यक्ति के खिलाफ नहीं, बल्कि गांव के विकास और बुनियादी अधिकारों के लिए है। जब तक सड़क का निर्माण नहीं होता, ग्रामीणों की आवाज लगातार उठती रहेगी।
