सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत तलवाड़ा में मुख्य अभियंता राकेश कुमार गुप्ता ने दिलाई शपथ
होशियारपुर/तलवाड़ा, 27 अक्तूबर (दलजीत अजनोहा)। भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) तलवाड़ा में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्य अभियंता राकेश कुमार गुप्ता ने अधिकारियों और कर्मचारियों को ईमानदारी, नैतिकता एवं पारदर्शिता बनाए रखने तथा भ्रष्टाचार के विरुद्ध दृढ़ता से कार्य करने की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मुख्य अभियंता ने कर्मचारियों को अपने सरकारी कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और समर्पण के साथ करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन की स्थापना में प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकारी कामकाज में पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक मूल्यों को अपनाना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने सभी कर्मचारियों से अपील की कि वे दैनिक कार्यों में ईमानदारी को प्राथमिकता दें, भ्रष्ट गतिविधियों से दूर रहें और स्वच्छ, पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन के निर्माण में सक्रिय योगदान दें।
इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता प्रबोध कुमार, कार्यकारी अभियंता गौरव लांबा, एसडीओ धीरज कुमार, ज्ञानिंदर, लवप्रीत सिंह तथा कार्यालय अधीक्षक तिलक राज शर्मा सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
