पनीर की गुणवत्ता और शुद्धता की होगी जांच, पुलिस भी मामले की पड़ताल में जुटी; रिपोर्ट आने के बाद होगी अगली कार्रवाई
रोहित जसवाल। ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के बहड़ाला में करीब 148 किलो पनीर पकड़े जाने का मामला सामने आया है। पनीर की गुणवत्ता और शुद्धता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नमूने लेने की प्रक्रिया शुरू की।
जानकारी के अनुसार, बहड़ाला में करीब एक क्विंटल 48 किलो पनीर पकड़ा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को बुलाया गया। टीम पनीर के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज रही है, ताकि इसकी गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप होने का पता लगाया जा सके।
वहीं, पुलिस भी मामले की जांच कर रही है। फिलहाल पनीर के सैंपल की रिपोर्ट आने का इंतजार है। जांच रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगा कि पकड़ा गया पनीर खाने योग्य और निर्धारित मानकों के अनुरूप है या नहीं। रिपोर्ट के आधार पर विभाग की ओर से आगे की कार्रवाई की जाएगी।
