DA-DR मामले में पंजाब के मुख्य सचिव को सुप्रीम कोर्ट से राहत : आपराधिक अवमानना की कार्रवाई पर रोक

by

केएपी सिन्हा को 5 नवंबर को हाईकोर्ट में होना था पेश; कर्मचारियों और पेंशनर्स के बकाया भुगतान का मामला जारी रहेगा

चंडीगढ़।  पंजाब के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स के लंबित महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) के भुगतान से जुड़े मामले में मुख्य सचिव केएपी सिन्हा को सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम राहत मिली है। शीर्ष अदालत ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट की ओर से शुरू की गई आपराधिक अवमानना की कार्यवाही पर फिलहाल रोक लगा दी है। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि मामले से जुड़ी अन्य कार्यवाही जारी रह सकती है।

जस्टिस बीवी नागरत्ना और जस्टिस आर. महादेवन की पीठ ने गुरुवार को यह आदेश दिया। हाईकोर्ट ने अपने पूर्व आदेश का पालन नहीं होने पर मुख्य सचिव को व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होने के निर्देश दिए थे।

हाईकोर्ट ने बकाया DA-DR भुगतान का दिया था आदेश

मामले की शुरुआत 3 अगस्त को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के उस आदेश से हुई थी, जिसमें पंजाब सरकार को सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स की महंगाई भत्ते और महंगाई राहत की सभी लंबित किस्तों का भुगतान करने के निर्देश दिए गए थे।

हाईकोर्ट ने कहा था कि कर्मचारियों और पेंशनर्स को DA का भुगतान पंजाब में तैनात IAS, IPS और IFS अधिकारियों के समान दरों पर किया जाए। राज्य सरकार और पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (PSPCL) को दो सप्ताह के भीतर बकाया राशि जारी करने के निर्देश भी दिए गए थे। अदालत ने देरी से भुगतान पर 6 प्रतिशत सालाना ब्याज देने की बात कही थी।

निर्धारित समय में भुगतान नहीं होने पर कर्मचारियों और पेंशनर्स ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर आदेश की अनदेखी का आरोप लगाया था।

मुख्य सचिव को व्यक्तिगत पेशी के निर्देश

हाईकोर्ट ने 12 अक्टूबर को मुख्य सचिव केएपी सिन्हा को नोटिस जारी कर पूछा था कि उनके खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्रवाई क्यों न शुरू की जाए। इसके बाद 13 अक्टूबर के आदेश में उन्हें 5 नवंबर को व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होने के निर्देश दिए गए थे।

सरकार की ओर से जवाब दाखिल नहीं किए जाने पर हाईकोर्ट ने एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया था। अदालत ने कहा था कि केवल सुप्रीम कोर्ट में अपील दायर करने से हाईकोर्ट के आदेश का पालन करने की जिम्मेदारी समाप्त नहीं होती। जब तक उच्च अदालत आदेश पर रोक नहीं लगाती या उसमें बदलाव नहीं करती, उसका पालन करना जरूरी है।

सुप्रीम कोर्ट में दोनों पक्षों ने रखीं दलीलें

सुप्रीम कोर्ट में पंजाब सरकार की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता विकास सिंह ने दलील दी कि मुख्य सचिव के खिलाफ ऐसे मामले में आपराधिक अवमानना की कार्रवाई की जा रही है, जिसका पहले ही निपटारा हो चुका है।

वहीं, याचिकाकर्ता मनजीत सिंह रंधावा की ओर से अधिवक्ता रवि शर्मा ने आरोप लगाया कि मुख्य सचिव ने विभागों को पत्र भेजकर हाईकोर्ट के आदेशों का पालन नहीं करने के निर्देश दिए थे।

सुनवाई के दौरान पीठ ने सवाल उठाया कि क्या राज्य सरकार के सुप्रीम कोर्ट जाने की तैयारी के बीच मुख्य सचिव की ओर से विभागों को भेजा गया ऐसा निर्देश अपने आप में आपराधिक अवमानना माना जा सकता है। पीठ ने केवल विभागीय संवाद के आधार पर आपराधिक अवमानना की कार्यवाही आगे बढ़ाने पर सवाल उठाए और मुख्य सचिव को जेल भेजने की जरूरत पर भी टिप्पणी की। इसके बाद अदालत ने अवमानना की कार्यवाही पर अंतरिम रोक लगा दी।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
पंजाब

जिला एवं सत्र न्यायाधीश जोहल द्वारा चिल्ड्रन होम, स्पेशल होम ऑब्जर्वेशन होम और ओल्ड एज होम का दौरा

होशियारपुर, 5 दिसंबर: जिला एवं सत्र न्यायाधीश-कम-चेयरमैन जिला कानूनी सेवाएं अथॉरिटी होशियारपुर दिलबाग सिंह जोहल ने आज चिल्ड्रन होम, स्पेशल होम ऑब्जर्वेशन होम और ओल्ड एज होम, राम कॉलोनी कैंप होशियारपुर का औचक दौरा...
article-image
पंजाब

दुबई में फंसे पंजाबियों की सुरक्षित वापसी के लिए हरसंभव प्रयास जारी : डॉ. रवजोत सिंह

पंजाब के एन.आर.आई. मामलों के मंत्री ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से आपात बैठक का समय मांगा होशियारपुर, 1 मार्च :  ईरान-अमेरिका संघर्ष और मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के चलते संयुक्त अरब अमीरात...
article-image
पंजाब

डॉ. आंबेडकर जी के परिनिर्वाण दिवस के मौके आंबेडकर मिशन ट्रस्ट गढ़शंकर द्वारा तीसरा विशाल रक्तदान शिविर आयोजित 

गढ़शंकर, 7 दिसंबर: आज भारतीय संविधान निर्माता बाबासाहेब डॉ. भीम राव अंबेडकर जी के परिनिर्वाण दिवस के अवसर पर स्वर्गीय श्रीमती महिंदर कौर सेवानिवृत्त प्रिंसिपल, श्रीमती हरबंस कौर सुन्नी, श्री प्रेम मान यूके और...
article-image
दिल्ली , पंजाब , राष्ट्रीय , हरियाणा , हिमाचल प्रदेश

ऑपरेशन सिंदूर के सबसे छोटे नायक सरवन को राष्ट्रीय बाल पुरस्कार, राष्ट्रपति ने किया सम्मानित

नई दिल्ली : आपरेशन सिंदूर के सबसे छोटे नायक पंजाब के फिरोजपुर के रहने वाले सरवन सिंह को राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। दिल्ली में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने...
Translate »
error: Content is protected !!